जब तवज्जो, हमदर्दी और जज़्बाती सहारा आहिस्ता आहिस्ता आज़माइश बन जाए


 औरतों के लिए एक ख़ामोश फ़रेब 

जिस तरह बाज़ मर्द “नजात देहंदा” बनने के एहसास में उलझ जाते हैं,
उसी तरह बाज़ ख़वातीन भी लाशऊरी तौर पर एक ऐसे जज़्बाती जाल में दाख़िल हो जाती हैं
जहाँ तन्हाई, तवज्जो की ख़्वाहिश, जज़्बाती ख़ला और समझे जाने की तलब
आहिस्ता आहिस्ता एक फ़ितना बनने लगती है।

ये रास्ता हमेशा गुनाह के इरादे से शुरू नहीं होता।
अक्सर एक औरत वाक़ई थकी हुई, दुखी या अंदर से टूटी हुई होती है।

कभी शौहर की बे-तवज्जोही,
कभी घरेलू मसाइल,
कभी जज़्बाती तन्हाई,
और कभी दिल की वो ख़ामोश थकन
जिसे वो किसी से बयान भी नहीं कर पाती।

फिर उसकी ज़िंदगी में कोई ऐसा शख़्स आता है
जो उसे “समझने” लगता है।
जो तहम्मुल से सुनता है,
जो हर वक़्त मौजूद महसूस होता है,
जो उसकी बातों को अहमियत देता है,
और उसके जज़्बात को नज़रअंदाज़ नहीं करता।

इब्तिदा में वो सिर्फ़ एक
“अच्छा इंसान”,
“उस्ताद”,
“सीनियर”,
“दाई”
या “भाई जैसा” महसूस होता है।

लेकिन शैतान दिलों में रास्ते आहिस्ता आहिस्ता बनाता है।

फिर एक वक़्त आता है
जब दिल ये सोचने लगता है:

“शायद दुनिया में पहली बार किसी ने मुझे वाक़ई समझा है…”

और यही वो मक़ाम होता है
जहाँ आज़माइश ख़ामोशी से शुरू हो जाती है।

इस्लाम ने सिर्फ़ मर्दों को नहीं,
औरतों को भी हुदूद और हया की तालीम दी है।
क्योंकि दिल, एहसासात और जज़्बात
दोनों के अंदर कमज़ोरियाँ रखते हैं।

शैतान अक्सर गुनाह को बुरा बना कर पेश नहीं करता,
बल्कि उसे मोहब्बत, एहतराम, रूहानी ताल्लुक़, हमदर्दी
और जज़्बाती सहारा बना कर सामने लाता है।

फिर आहिस्ता आहिस्ता कुछ चीज़ें बदलने लगती हैं:

▪️ अपनी हर तकलीफ़ उसी शख़्स से बयान करना।
▪️ हर मसले में उसी की राय तलाश करना।
▪️ मामूली गुफ़्तगू का रोज़ाना राब्ते में बदल जाना।
▪️ दिल का ग़ैर महसूस तरीक़े से attach होना।
▪️ और फिर हुदूद का धीरे धीरे ख़त्म होना।

फिर वो ताल्लुक़ पैदा होता है
जिसे ज़बान शायद नाम न दे सके,
मगर दिल उसमें उलझ चुका होता है।

बाज़ औक़ात इंसान ख़ुद को ये कह कर मुतमइन करता है:

“हम तो सिर्फ़ दीन सीख रहे थे…”
“वो तो सिर्फ़ रहनुमाई कर रहे थे…”
“ये सिर्फ़ इज़्ज़त और एहतराम था…”

लेकिन हक़ीक़त ये है कि
शैतान इब्तिदा में बड़े गुनाह की तरफ़ नहीं ले जाता।
वो पहले दिलों के दरमियान ऐसी राहें बनाता है
जहाँ हराम चीज़ें मामूली महसूस होने लगती हैं।

इस्लाम औरत को महदूद नहीं करता,
बल्कि उसके दिल, इज़्ज़त और सुकून की हिफ़ाज़त करता है।

हर आँसू
हर नामहरम के सामने बहाने के लिए नहीं होते।
और हर जज़्बाती ख़ला
किसी ग़ैर मर्द की तवज्जो से पुर नहीं किया जा सकता।

एक औरत की असल ताक़त
ये नहीं कि कितने लोग उसे समझते हैं,
बल्कि ये है कि वो अपने दिल, अपनी हया
और अपनी रूह की हिफ़ाज़त कितनी करती है।

अगर वाक़ई मदद, मशवरा या सहारा दरकार हो
तो नेक ख़वातीन,
मह्रम रिश्तेदार,
क़ाबिल-ए-एतिमाद सहेलियाँ
या मुस्तनद ख़वातीन स्कॉलर्ज़ से रुजू करना ज़्यादा महफ़ूज़ रास्ता है।

क्योंकि बाज़ ताल्लुक़ात इब्तिदा में सुकून जैसे लगते हैं,
मगर अंजाम में दिल को बे-सुकून कर जाते हैं।

याद रखें:

जो ताल्लुक़ अल्लाह की हुदूद तोड़ कर बनता है,
वो कभी हक़ीक़ी सुकून नहीं देता।

क्योंकि असल सुकून
सिर्फ़ ताल्लुक़ में नहीं,
बल्कि अल्लाह की इताअत में होता है